World

पाकिस्तान में जाफर एक्सप्रेस पर IED हमला, बलूच विद्रोहियों ने ली जिम्मेदारी

पाकिस्तान के सिंध प्रांत के सुल्तानकोट इलाके में जाफर एक्सप्रेस पर एक बार फिर हमला हुआ है. ट्रेन में रिमोट-कंट्रोल IED विस्फोट के चलते इसके कई डिब्बे पटरी से उतर गए. यह ट्रेन खैबर-पख्तूनख्वा के पेशावर से बलूचिस्तान के क्वेटा जा रही थी. हमले की जिम्मेदारी बलूच विद्रोही संगठन बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स (BRG) ने ली है. संगठन के प्रवक्ता ने एक प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया कि यह हमला उस समय किया गया जब पाकिस्तानी सेना के जवान ट्रेन में यात्रा कर रहे थे. उन्होंने कहा कि हमले में कई सैनिक मारे गए और घायल हुए हैं.

प्रवक्ता ने आगे कहा कि जब तक बलूचिस्तान को आजादी नहीं मिलती, तब तक ऐसे हमले जारी रहेंगे. BRG ने शिकारपुर और जैकोबाबाद के बीच स्थित सुल्तानकोट इलाके को हमले का स्थान बताया. गौरतलब है कि जाफर एक्सप्रेस इस साल कई बार आतंकवादी हमलों का निशाना बन चुकी है. इससे पहले 24 सितंबर को बलूचिस्तान के मस्तुंग जिले में भी इस ट्रेन पर हमला हुआ था, जिसमें महिलाएं और बच्चे घायल हुए थे.

मार्च 2025 की शुरुआत में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) की मजीद ब्रिगेड ने क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस को अगवा कर लिया था. करीब 400 यात्रियों को बंधक बनाया गया था और 20 सुरक्षाकर्मियों को मार दिए जाने का दावा किया गया था. ये घटनाएं बलूचिस्तान में बढ़ते असंतोष और पाकिस्तान सरकार के खिलाफ उग्र होती हिंसा को दर्शाती हैं.