National Uttar Pradesh

आईएएस अनु गर्ग बनी ओडिशा की पहली महिला मुख्य सचिव

ओडिशा में इतिहास रचते हुए आईएएस अनु गर्ग राज्य की पहली महिला मुख्य सचिव बनीं। उन्हें 24 दिसंबर को ओडिशा का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। वह मौजूदा मुख्य सचिव मनोज आहूजा का स्थान लेंगी  जो 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। आईएएस अनु गर्ग 1 जनवरी 2026 से इस महत्वपूर्ण पद का कार्यभार संभालेंगी। आईएएस अनु गर्ग 1991 बैच की अधिकारी हैं और वर्तमान में जल संसाधन विभाग की विकास आयुक्त-सह-अतिरिक्त मुख्य सचिव के रूप में कार्यरत हैं। इसके साथ ही वह योजना और अभिसरण विभाग में विकास आयुक्त-सह-अपर मुख्य सचिव का प्रभार भी संभालती हैं।

उत्तर प्रदेश मूल की अनु गर्ग ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के लेडी श्री राम कॉलेज से मनोविज्ञान में स्नातक और लखनऊ विश्वविद्यालय से समाजशास्त्र में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की। इसके अलावा उन्होंने अमेरिका के जॉन्स हॉपकिंस विश्वविद्यालय से सार्वजनिक स्वास्थ्य में पोस्ट ग्रेजुएशन की उपाधि भी प्राप्त की है। आईएएस अनु गर्ग ने ओडिशा सरकार में श्रम, ईएसआई और महिला एवं बाल विकास विभागों में प्रधान सचिव के रूप में भी अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं। उनके इस ऐतिहासिक नामांकन से राज्य प्रशासनिक क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है।