हैदराबाद एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बहरीन से हैदराबाद आ रही गल्फ एयर की फ्लाइट GF-274 को आपात स्थिति में मुंबई की ओर मोड़ना पड़ा। 22 नवंबर की रात 10:33 बजे बहरीन से उड़ान भरने वाली यह फ्लाइट शनिवार सुबह 11:31 बजे सुरक्षित रूप से मुंबई एयरपोर्ट पर उतरी।
एयरपोर्ट के कस्टमर सर्विस विभाग को शुक्रवार रात एक ईमेल मिला था, जिसमें दावा किया गया था कि आरजीआई एयरपोर्ट के आगमन क्षेत्र में बम रखा गया है। ईमेल में तुरंत जांच और यात्रियों को खाली कराने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गईं और पूरे एयरपोर्ट की गहन तलाशी शुरू की गई। स्निफर डॉग्स और बम डिस्पोज़ल टीम को भी मौके पर तैनात किया गया। जांच के बाद यह स्पष्ट हो गया कि धमकी झूठी थी और किसी तरह का विस्फोटक नहीं मिला।
अधिकारियों ने बताया कि ईमेल भेजने वाले का पता लगाने के लिए जांच जारी है। हाल के दिनों में देशभर में एयरपोर्ट, स्कूल और कोर्ट को मिली ऐसी कई धमकियां फर्जी साबित हुई हैं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हर अलर्ट को गंभीरता से लेते हुए लगातार निगरानी में जुटी हैं। मंगलवार को भी हैदराबाद एयरपोर्ट को इसी तरह का एक धमकी ईमेल मिला था, जो जांच के बाद निराधार पाया गया। पुलिस ने इन मामलों में अलग-अलग केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।









