World

वियतनाम में तूफान यागी का कहर; 254 लोगों की मौत, 82 लोग लापता

हनोई: सुपर टाइफून यागी इन दिनों वियतनाम सहित भारत, चीन, और फिलीपींस में कहर बरपा रहा है। वियतनाम में इसकी वजह से तबाही मच चुकी है। वियतनाम के कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय ने शुक्रवार को जानकारी दी कि उत्तरी क्षेत्र में भूस्खलन और बाढ़ के कारण 254 लोगों की मौत हो गई, जबकि 82 लोग अब भी लापता हैं।

वियतनाम के सबसे अधिक प्रभावित प्रांतों में लाओ काई, काओ बांग और येन बाई शामिल हैं, जहां क्रमशः 111, 43 और 49 लोगों की जान गई है। देश के आपदा निवारण, नियंत्रण, खोज और बचाव संचालन समिति ने बताया कि राजधानी हनोई में रेड नदी के जलस्तर में कमी आई है, जिससे कुछ राहत मिली है। बाढ़ प्रभावित लोग धीरे-धीरे अपने घरों को लौटने लगे हैं, जबकि बाढ़ के मलबे की सफाई के लिए सेना की तैनाती की गई है।

पर्यटन स्थल हेरिटेज पर शुरू हुआ सफाई अभियान

उत्तर-पूर्वी प्रांत क्वांग निन्ह के यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल हा लोंग बे के लिए तीन दिवसीय सफाई अभियान शुरू किया गया है। वियतनाम समाचार एजेंसी के अनुसार, एक सप्ताह की तबाही के बाद शुक्रवार से इस क्षेत्र में पर्यटक नौकाओं का परिचालन फिर से शुरू हो गया है।

राहत कार्यों के लिए धनराशि जुटाई गई

वियतनाम फादरलैंड फ्रंट ने घोषणा की है कि यागी से प्रभावित लोगों की मदद के लिए देशभर से 775.5 बिलियन वियतनामी डोंग (लगभग 31.5 मिलियन डॉलर) का दान इकट्ठा किया गया है। यह राशि आपदा पीड़ितों के पुनर्वास और पुनर्निर्माण के लिए उपयोग की जाएगी।

बच्चों के हालात चिंताजनक

यूनिसेफ के अनुसार, लाखों बच्चे इस आपदा में बेघर हो गए हैं। उन्हें स्वच्छ पानी, स्वास्थ्य सेवा और स्वच्छता सुविधाओं तक पहुंच नहीं मिल पा रही है। लगभग 20 लाख बच्चे स्कूलों के क्षतिग्रस्त होने और बिजली-पानी की कमी के कारण शिक्षा, मानसिक स्वास्थ्य सहायता और स्कूल भोजन कार्यक्रमों से वंचित रह गए हैं।