National Religion

हैदराबाद की मूसी नदी पर बनेंगे सभी धर्मों के पवित्र स्थल, दक्षिण की ‘काशी’ के रूप में विकसित होगी राजधानी

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हैदराबाद में मूसी नदी के कायाकल्प की महत्वाकांक्षी योजना का एलान किया है। इस परियोजना के तहत नदी के किनारे हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी धर्मों के पवित्र स्थल बनाए जाएंगे। इसे “दक्षिण की काशी” के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना के तहत, मूसी नदी के जलग्रहण क्षेत्र में एक मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और गिरजाघर का निर्माण होगा। सीएम रेवंत रेड्डी ने कहा कि यह परियोजना केवल शहरी विकास नहीं, बल्कि धार्मिक विविधता और पारिस्थितिक संतुलन का सम्मान करने वाला प्रयास है।

वर्तमान में परियोजना के तहत ओंकारेश्वर स्वामी मंदिर और वीरभद्र स्वामी मंदिर की आधारशिला रखी जा चुकी है। इन मंदिरों का विकास 8 एकड़ में लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत से होगा। इसके अलावा नदी किनारे मस्जिद, गुरुद्वारा और चर्च का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे सांप्रदायिक सद्भाव और सह-अस्तित्व का संदेश जाएगा। इस पहल का उद्देश्य न केवल मूसी, बल्कि इसके साथ बहने वाली ईसा नदी को भी शुद्ध और पुनर्जीवित करना है। सरकार की योजना है कि नदी तट को आर्थिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गतिविधियों का केंद्र बनाया जाए। इस कदम से हैदराबाद में नदी किनारे जीवन, संस्कृति और समुदाय का नया स्वरूप विकसित होगा और शहर को दक्षिण की काशी के रूप में पहचान मिलेगी।