Himachal

हिमाचल को दो नए केंद्रीय विद्यालय, शिल्पकारों को GST में राहत: सुरेश कश्यप

भाजपा सांसद सुरेश कश्यप ने शिमला संसदीय क्षेत्र के कोटखाई और पांवटा साहिब में दो नए केंद्रीय विद्यालय (KV) मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और धर्मेंद्र प्रधान का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह हिमाचल के लिए ऐतिहासिक सौगात है, जिससे क्षेत्रीय छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने देशभर में 57 नए KVs की स्थापना को मंजूरी दी है, जिनमें दो हिमाचल को मिले हैं। इन विद्यालयों में बाल वाटिका स्तर (प्री-प्राइमरी) की शुरुआत भी की जाएगी।

सुरेश कश्यप ने कहा कि हाल ही में लागू हुए जीएसटी सुधारों का हिमाचल के कारीगरों और बुनकरों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। खासतौर पर शॉल, ऊनी वस्त्र, पारंपरिक हिमाचली टोपियाँ और दस्तानों पर टैक्स 12% से घटाकर 5% किया गया है। इससे कुल्लू, किन्नौर, मंडी, शिमला और लाहौल-स्पीति जैसे क्षेत्रों में काम करने वाले हज़ारों हथकरघा कारीगरों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे न केवल उनकी आमदनी बढ़ेगी, बल्कि उनके उत्पाद वैश्विक स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी भी बनेंगे। उन्होंने कहा कि यह सुधार राज्य की पारंपरिक संस्कृति और आजीविका को संबल प्रदान करने की दिशा में एक मजबूत कदम है।