अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा महोत्सव के दौरान ड्यूटी पर तैनात तहसीलदार हरि सिंह यादव के साथ हुई हाथापाई के मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर हिमाचल प्रदेश राजस्व अधिकारी संघ ने नाराजगी जताई है। संघ ने सरकार को दो टूक चेतावनी दी है कि यदि 13 अक्टूबर तक दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो 13 और 14 अक्टूबर को प्रदेशभर के राजस्व अधिकारी पेन डाउन स्ट्राइक पर चले जाएंगे।
संघ के अध्यक्ष नारायण सिंह वर्मा ने कहा कि यदि इसके बाद भी सरकार ने मामले में ठोस कदम नहीं उठाए, तो 15 अक्टूबर से सभी अधिकारी सामूहिक अवकाश पर चले जाएंगे। उन्होंने बताया कि संघ के प्रतिनिधियों ने इस मुद्दे को लेकर मुख्य सचिव संजय गुप्ता से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा है।
उन्होंने कहा कि तहसीलदार के साथ ड्यूटी के दौरान मारपीट होना बेहद गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण है। घटना के बाद पीड़ित अधिकारी ने माफ़ी की पेशकश को भी स्वीकार किया, लेकिन फिर भी हाथापाई हुई, जिससे पूरे विभाग का मनोबल गिरा है। संघ ने मांग की है कि इस तरह की घटनाओं को रोका जाए और ड्यूटी के दौरान राजस्व अधिकारियों को पूर्ण सुरक्षा प्रदान की जाए। मुख्य सचिव ने आश्वासन दिया है कि जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।










