हिमाचल प्रदेश ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पहाड़ी राज्य होने के बावजूद नवाचार और उद्यमिता में अग्रणी है। भारत सरकार के उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) द्वारा आयोजित स्टेट्स स्टार्टअप रैंकिंग 5.0 में हिमाचल प्रदेश को ‘टॉप परफॉर्मर’ के रूप में सम्मानित किया गया। नई दिल्ली में आयोजित पुरस्कार समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पियूष गोयल की उपस्थिति रही। हिमाचल प्रदेश की ओर से संयुक्त निदेशक अंशुल धीमान और दीपिका खत्री ने पुरस्कार ग्रहण किया। राज्य में स्थापित पांच इन्क्यूबेटर्स, स्टार्टअप पिचिंग सत्र, औद्योगिक निवेश नीति और विज्ञान-प्रौद्योगिकी नवाचार नीति जैसी पहलें इस सफलता का आधार रही हैं।
डीपीआईआईटी ने हिमाचल को इंस्टीट्यूशनल सपोर्ट पायनियर, इंफ्रास्ट्रक्चर सपोर्ट पाथफाइंडर और मार्केट एक्सेस एंड रीच चैंपियन जैसी श्रेणियों में भी मान्यता दी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार स्टार्टअप्स को हर स्तर पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने भरोसा दिलाया कि सभी इच्छुक उद्यमियों को संस्थागत और तकनीकी सहयोग मिलेगा। इस उपलब्धि के साथ हिमाचल प्रदेश न केवल नवाचार, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में देश में अग्रणी बन गया है, बल्कि राज्य के युवाओं के लिए सपनों को साकार करने का मजबूत मंच भी बन चुका है।”









