शिमला, 30 सितंबर 2025:
हिमाचल प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में दिन के तापमान में तेज़ बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, जहां एक ओर 30 सितंबर से 3 अक्टूबर तक मौसम साफ रहेगा, वहीं 4 अक्टूबर से मौसम करवट लेगा और तेज बारिश व गरज के साथ तूफानी हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
तापमान ने तोड़े रिकॉर्ड, ऊना सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 6 डिग्री तक ज्यादा रहा, जबकि अधिकतम तापमान में 2 से 8 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई।
ऊना में तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे राज्य में सबसे अधिक रहा।
अन्य प्रमुख स्थानों का तापमान इस प्रकार रहा:
- शिमला: 24.6°C
- सुंदरनगर: 32.9°C
- भुंतर: 32.2°C
- धर्मशाला: 30.0°C
- मनाली: 26.0°C
- बिलासपुर: 34.5°C
- हमीरपुर: 31.6°C
- सोलन: 30.5°C
- कुफरी: 20.3°C
- नारकंडा: 20.5°C
कब बदलेगा मौसम?
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 4 और 5 अक्टूबर को प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में गरज के साथ तेज बारिश, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
क्या है अगले कुछ दिनों का पूर्वानुमान?
- 30 सितंबर से 3 अक्टूबर: अधिकतर इलाकों में मौसम साफ रहेगा।
- 4-5 अक्टूबर: बारिश, तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका।
- इसके बाद तापमान में गिरावट और गर्मी से कुछ राहत मिलने के आसार हैं।


