Himachal

हिमाचल पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज, राज्य निर्वाचन आयोग ने जारी किए नए निर्देश

राज्य सरकार द्वारा आपदा प्रबंधन अधिनियम का हवाला देकर पंचायती राज चुनावों को टालने के फैसले के बीच, राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को आयोग ने सभी जिलों के उपायुक्तों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग, हिमाचल प्रदेश ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारी-कम-उपायुक्तों को पत्र भेजकर पंचायत राज संस्थानों और शहरी स्थानीय निकायों के आम चुनावों की तैयारियां शुरू करने को कहा है। आयोग के अनुसार, ये चुनाव दिसंबर 2025 या जनवरी 2026 में प्रस्तावित हैं।

निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनावों के संचालन के लिए सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, प्रीसाइडिंग ऑफिसर और पोलिंग ऑफिसर सहित विभिन्न अधिकारियों व कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी।

आयोग द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि सभी जिला अधिकारी प्रारंभिक तैयारियां तुरंत शुरू करें। इसमें अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची तैयार करना, वाहनों की उपलब्धता का विवरण जुटाना, मीडिया सेल और नियंत्रण कक्ष की स्थापना करना तथा मतगणना केंद्रों के लिए उपयुक्त भवन या स्थान की पहचान करना शामिल है।

राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव द्वारा जारी आदेश में सभी उपायुक्तों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि ये तैयारियां समय पर पूरी हों, ताकि आगामी पंचायत और शहरी निकाय चुनाव सुचारू रूप से संपन्न किए जा सकें।