शिमला के रिज मैदान पर शनिवार से शुरू हुए हिम एमएसएमई फेस्ट 2026 का दूसरा दिन रविवार को पीटरहॉफ में नामी घरेलू और विदेशी कंपनियों के साथ मेमोरेंडम ऑफ कमिटमेंट (एमओसी) साइनिंग के लिए समर्पित होगा। इस अवसर पर इंड्सरो, मैनकाइंड, अदाणी, अरविंदो, सनफार्मा जैसी प्रमुख कंपनियों के सीईओ शिरकत करेंगे। फेस्ट में ऊना के हरोली में बन रहे 1,402.44 एकड़ के बल्क ड्रग पार्क में निवेश और रोजगार के अवसरों पर चर्चा होगी। कुल निवेश 5,000 करोड़ रुपये का अनुमान है, जिसमें पार्क के भीतर 10 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बल्क ड्रग पार्क फार्मा उद्योगों के लिए चीन से मंगाए जाने वाले कच्चे माल का विकल्प प्रदान करेगा।
उद्योग विभाग फेस्ट के दौरान लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराने की तैयारी में है। स्थानीय उत्पाद जैसे सिरमौर का अदरक, कांगड़ा की चाय, शिमला का सेब और हमीरपुर की हल्दी देश-विदेश की कंपनियों के सामने पेश किए जाएंगे। तीन और चार जनवरी को स्टार नाइट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में गैरी संधू, पीयूष राज, सुरेंद्र खान, हेमंत शर्मा और गीता भारद्वाज जैसे कलाकार मंच सजाएंगे। फेस्ट का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के अवसर, निवेश बढ़ावा और स्थानीय उत्पादों का वैश्विक मंच देना है।









