Himachal

मंडी जिले में भारी बारिश और बादल फटने से भारी तबाही, तीन की मौत

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में भारी बारिश और बादल फटने की घटना ने एक बार फिर तबाही मचाई है। मंडी शहर के विभिन्न हिस्सों में भारी नुकसान हुआ है। जेल रोड क्षेत्र में तेज बहाव में बहने से अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। एक महिला का शव मलबे में दबी गाड़ियों के बीच फंसा मिला, जिसे राहत टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

मलबे में फंसे कई अन्य लोगों को घरों और इमारतों की खिड़कियां तोड़कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालात को देखते हुए मंडी सदर क्षेत्र के सभी शैक्षणिक संस्थानों को आज के लिए बंद कर दिया गया है। बाढ़ और मलबे की चपेट में आकर दर्जनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं या बह गए हैं। पैलेस कॉलोनी, जोनल अस्पताल और आसपास के अन्य इलाकों में भी बारिश ने खासा नुकसान पहुँचाया है। पुलिस, एनडीआरएफ, होम गार्ड्स और अग्निशमन विभाग की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।