हिमाचल प्रदेश में गर्मी ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। सोमवार को सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। हमीरपुर जिले के नेरी में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना में यह 42.4 डिग्री तक पहुंच गया। कांगड़ा का तापमान 40.4 और बिलासपुर का 40.1 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य के चार जिलों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है।मैदानी क्षेत्रों में सोमवार को तेज लू चली, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी कई क्षेत्रों में लू चलने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला के अनुसार, 12 जून तक प्रदेश में मौसम साफ रहने और तेज धूप खिली रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक की और बढ़ोतरी हो सकती है।
वहीं, 13 से 15 जून के बीच प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। राजधानी शिमला का अधिकतम तापमान भी बढ़कर 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पहाड़ों की रानी कहे जाने वाले इस शहर में भी लोग गर्मी से बचाव के लिए छाते और महिलाएं सिर ढकने के लिए चुनरी का इस्तेमाल करती दिखीं।
