हरियाणा सरकार ने कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे के दोनों ओर 5 नए शहर विकसित करने का ऐलान किया है। इस दिशा में पंचग्राम विकास प्राधिकरण का गठन किया गया है, जो वर्ष 2031 की संभावित जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए औद्योगिक और शहरी विकास को सुनिश्चित करेगा। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने बताया कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-2047’ विज़न को साकार करने में NCR की भूमिका को मजबूती प्रदान करेगी। इसके तहत हरियाणा की औद्योगिक नीति में आवश्यक संशोधन किए गए हैं ताकि निवेश, रोजगार और आधारभूत ढांचे को नई गति मिल सके।
मंत्री ने कहा कि प्रस्तावित 10 नई इंडस्ट्रियल मेट्रोपॉलिटन टाउनशिप (IMT) में से 5 को स्वीकृति मिल चुकी है और उन्हें विकसित करने की प्रक्रिया प्रगति पर है। इनमें 3 IMT सीधे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में विकसित की जाएंगी, जिनकी धुरी KMP एक्सप्रेसवे होगी। विकसित शहर NCR में बढ़ते जनसंख्या दबाव को कम करने और ‘विकसित भारत’ के आकर्षण केंद्र बनने में सहायक होंगे। हरियाणा कृषि प्रधान होने के साथ-साथ गुरुग्राम को आईटी हब के रूप में स्थापित कर देश के प्रमुख शहरों से प्रतिस्पर्धा कर चुका है। आने वाले समय में 10 नई IMT विकसित होने के बाद प्रदेश देश की औद्योगिक क्रांति का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।









