Haryana

हरियाणा में विधायकों को डेढ़-डेढ़ करोड़ रुपये का तोहफा, प्री-बजट बैठक से पहले CM ने किया ऐलान

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्री-बजट बैठक से पहले अपने विधायकों को बड़ा तोहफा दिया है। अब हर विधायक को अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए जल्द ही डेढ़-डेढ़ करोड़ रुपये मिलेंगे। सरकार ने सभी विधायकों से अनुरोध किया है कि वे अपने क्षेत्र के विकास कार्यों की प्राथमिकता सूची तैयार कर विकास एवं पंचायत विभाग को जल्द भेजें, ताकि आवश्यक कार्यवाही शुरू की जा सके।

इस राशि का प्रावधान साल 2025-26 के बजट में किया गया था। पूरे पांच साल के कार्यकाल में प्रत्येक विधायक को कुल पांच करोड़ रुपये मिलेंगे। इसे तीन किस्तों में बांटा गया है:

  • पहली और दूसरी किस्त: 1.5-1.5 करोड़ रुपये
  • तीसरी किस्त: 2 करोड़ रुपये

ध्यान रहे कि अगली किस्त तभी जारी होगी जब पिछली किस्त की 70% राशि खर्च हो चुकी होगी। यह विकास निधि विधायकों को मिलने वाली अन्य राशि से पूरी तरह अलग है और केवल क्षेत्रीय विकास कार्यों के लिए ही उपयोग की जा सकेगी। इस कदम से हरियाणा में विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों की गति बढ़ने और प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने की उम्मीद है।