हरियाणा ने स्वास्थ्य पेशेवरों के लिए डिजिटल क्रांति की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में स्वास्थ्य विभाग के सेंट्रलाइज्ड पोर्टल फॉर हरियाणा काउंसिलस का औपचारिक रूप से लोकार्पण किया। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से अब मेडिकल, डेंटल, फार्मेसी, आयुष और होम्योपैथी परिषदों के सभी कार्य एक ही सिस्टम पर किए जा सकेंगे। यह पहल राज्य में लगभग 1.5 लाख स्वास्थ्य पेशेवरों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने और उनकी ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए शुरू की गई है। प्रशिक्षण लेने वाले विद्यार्थी अब घर बैठे ही प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकेंगे और पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पोर्टल में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, रिन्यूअल, प्रमाण पत्र जारी करना, प्रोफाइल प्रबंधन और रोजगार संबंधी जानकारी जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे स्वास्थ्य संस्थानों और पेशेवरों के बीच रोजगार के अवसरों के लिए मजबूत लिंक भी तैयार होगा। पहले चरण में मेडिकल, डेंटल, फार्मेसी, आयुष और होम्योपैथी परिषदें पोर्टल से जुड़ी हैं। अगले चरण में नर्सिंग और फिजियोथेरेपी परिषदों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। भविष्य में पोर्टल को सरल पोर्टल से लिंक कर पूरी पंजीकरण प्रक्रिया ऑनलाइन की जाएगी। यह कदम हरियाणा को देश का पहला राज्य बनाता है, जिसने स्वास्थ्य परिषदों को केंद्रीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाकर पेशेवरों और युवाओं के लिए सेवाओं को और अधिक सहज और पारदर्शी बनाया है।









