Haryana

हरियाणा: देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का सफल ट्रायल, 70 किमी/घंटा की रफ्तार से दौड़ी

भारत की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन का बुधवार को सफल ट्रायल किया गया। हरियाणा में Jind Railway Station से Lalitkheda Railway Station तक करीब 20 किलोमीटर के ट्रैक पर ट्रेन का रनिंग ट्रायल हुआ। रेलवे अधिकारियों ने इस परीक्षण को संतोषजनक बताया है और इसे हरित ऊर्जा की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। सुबह 7 बजे हाइड्रोजन ट्रेन को यार्ड से बाहर निकाला गया। शुरुआती चरण में डीजल इंजन की मदद से इसे हांसी रोड पुल के नीचे तक लाया गया, जहां थोड़ी देर रुकने के बाद ट्रेन को वापस जंक्शन पर ले जाया गया। सुबह 8:25 बजे ट्रेन सोनीपत की दिशा में रवाना हुई और 8:40 बजे पिंडारा स्टेशन तक डीजल इंजन के साथ पहुंची।

पिंडारा से डीजल इंजन हटाकर ललितखेड़ा तक हाइड्रोजन इंजन से ट्रेन का वास्तविक रनिंग ट्रायल किया गया। दोनों स्टेशनों के बीच ट्रेन को दो बार चलाया गया, इस दौरान इसकी अधिकतम रफ्तार करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। ट्रायल के दौरान तकनीकी टीम ने प्रदर्शन, सुरक्षा और इंजन की कार्यक्षमता पर बारीकी से नजर रखी। इसके बाद ट्रेन को गोहाना होते हुए मोहाना तक डीजल इंजन के साथ ले जाया गया और फिर वापस जींद लाया गया। पूरी प्रक्रिया के दौरान रेलवे अधिकारियों और इंजीनियरों की टीम मौके पर मौजूद रही। हाइड्रोजन ट्रेन के इस सफल परीक्षण को भारतीय रेलवे के स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।