हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए 21 आईएएस और 42 एचसीएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां की हैं। इस फेरबदल के तहत कई अधिकारियों को नई पोस्टिंग दी गई है, जबकि कुछ को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। आदेश देर शाम जारी कर दिए गए हैं और सभी बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल में वरिष्ठ अधिकारियों को महत्वपूर्ण कमान सौंपी गई है। गीता भारती को हिसार मंडल का कमिश्नर नियुक्त किया गया है, जबकि गुरुग्राम मंडल की जिम्मेदारी रवि प्रकाश गुप्ता को सौंपी गई है। अमित कुमार अग्रवाल को कुरुक्षेत्र डेवलपमेंट बोर्ड का सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है, साथ ही उन्हें अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
आईएएस सत्येंद्र दुहान को स्किल डेवलपमेंट एंड इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग विभाग का निदेशक और अतिरिक्त सचिव बनाया गया है। आईएएस सतबीर सिंह को फायर सर्विसेज हरियाणा का निदेशक और आयुष्मान भारत हरियाणा हेल्थ प्रोटेक्शन अथॉरिटी का सीईओ नियुक्त किया गया। वंदना डिसोदिया को गृह विभाग (होम-I और होम-II) की सचिव और हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की प्रबंध निदेशक बनाया गया है। सरकार ने प्रशासन में नई ऊर्जा लाने के लिए युवा आईएएस अधिकारियों पर भरोसा जताया है। अंजलि श्रोत्रिया को फरीदाबाद में एडीसी, अंकित कुमार चौकसे को पानीपत, उत्सव आनंद को हिसार और डॉ. राहुल रैया को करनाल में एडीसी नियुक्त किया गया है।
एचसीएस अधिकारियों में भी महत्वपूर्ण फेरबदल किए गए हैं। अजय चोपड़ा को सोनीपत में एडीसी और जिला परिषद के सीईओ की जिम्मेदारी दी गई है। परमजीत चहल को फरीदाबाद नगर निगम में अतिरिक्त आयुक्त, संजय कुमार को कैथल में एसडीओ (सिविल) और प्रदीप अहलावत को चरखी दादरी में जिला परिषद सीईओ बनाया गया है। जयदीप कुमार को हरियाणा सरकार में पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग विभाग का अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है। इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य सरकार के कामकाज में दक्षता बढ़ाना और स्थानीय प्रशासनिक तंत्र को मजबूत करना बताया गया है।









