गुरुग्राम। हरियाणा सरकार ने जमीन की रजिस्ट्री प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बना दिया है। अब राज्य की सभी तहसीलों और उप-तहसीलों में पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली लागू कर दी गई है। इसका मतलब है कि अब आपको जमीन या संपत्ति की रजिस्ट्री के लिए कागज़ लेकर सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने होंगे।
नई व्यवस्था के तहत अब सभी काम ऑनलाइन माध्यम से ही पूरे होंगे — चाहे वह आधार और ओटीपी सत्यापन हो, स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान हो, या दस्तावेज़ों का सत्यापन। तहसील में केवल आपकी फोटो खिंचवाने के लिए ही जाना होगा।
सरकार का दावा है कि इस पेपरलेस रजिस्ट्री सिस्टम से पारदर्शिता बढ़ेगी और फर्जीवाड़े की संभावनाएं लगभग समाप्त हो जाएंगी।
राजस्व विभाग के अनुसार, जो भी व्यक्ति रजिस्ट्री कराना चाहता है, उसे वेबसाइट
👉 https://eregistration.revenueharyana.gov.in
पर लॉगिन करके आधार सत्यापन कराना होगा। इसके बाद वह अपने मोबाइल या कंप्यूटर से घर बैठे ही पूरी प्रक्रिया पूरी कर सकता है।
तहसीलों में अब सभी दस्तावेज़ डिजिटल रूप में उपलब्ध होंगे। इससे न केवल समय और मेहनत की बचत होगी बल्कि सभी रिकॉर्ड्स ऑनलाइन होने से पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।
नई प्रणाली 3 नवंबर से पूरे हरियाणा में लागू हो जाएगी। अगर किसी यूज़र को प्रक्रिया के दौरान कोई तकनीकी दिक्कत आती है, तो वे हेल्पलाइन 1800-180-2137 पर संपर्क कर सकते हैं या
📧 nodalofficer-it@revhry.gov.in पर ईमेल भेज सकते हैं।









