Entertainment Haryana

हरियाणा: करनाल इवेंट में बॉलीवुड एक्ट्रेस मौनी रॉय से छेड़छाड़, अधिकारियों से की कार्रवाई की मांग

टीवी और बॉलीवुड एक्ट्रेस मौनी रॉय ने हाल ही में हरियाणा के करनाल में एक इवेंट के दौरान अपने साथ हुई बेहद परेशान करने वाली घटना का खुलासा किया है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर लिखा कि कुछ पुरुषों ने फोटो लेने के बहाने उनकी कमर को छुआ, जबकि उन्होंने मना किया। मौनी ने बताया कि दो बुजुर्ग पुरुष, जिन्हें वह “अंकल” कहती हैं, स्टेज पर खड़े होकर उनके साथ गंदे कमेंट और इशारे कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन पर गुलाब फेंका गया, बावजूद इसके इवेंट के आयोजकों ने कोई कार्रवाई नहीं की।

अभिनेत्री ने इस घटना के बाद अपनी गुस्से और शर्मिंदगी को साझा करते हुए लिखा कि कलाकार अपनी कला और मेहनत से रोजी-रोटी कमाते हैं, ऐसे में यह व्यवहार बिल्कुल असहनीय और अपमानजनक है। मौनी ने अधिकारियों से इस घटना के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग भी की। उन्होंने आगे लिखा कि यह स्थिति नए कलाकारों और महिलाओं के लिए और भी चुनौतीपूर्ण हो सकती है। मौनी ने इस घटना को लेकर अपनी सख्त नाराजगी जताई और कहा कि इस तरह के बर्ताव पर शर्म महसूस करनी चाहिए।