Haryana

हरियाणा: होडल-नूंह-बिलासपुर फोरलेन के लिए 616 करोड़ मंजूर

दक्षिण हरियाणा की कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने होडल-नूंह-बिलासपुर मार्ग को फोरलेन बनाने हेतु 616.01 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। 71 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट का निर्माण एनसीआर योजना बोर्ड (NCRPB) की ऋण सहायता से किया जाएगा। स्थायी वित्त समिति से भी इस परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है। लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने विधानसभा में बताया कि इससे दिल्ली-एनसीआर से सटे क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम होगा। पर्यावरण संतुलन के लिए करीब 80 हेक्टेयर भूमि पर वनीकरण भी किया जाएगा।

इसी कड़ी में बिलासपुर चौक से कुलाना (वाया पटौदी) मार्ग को फोरलेन बनाने के लिए 476.07 करोड़ रुपये की परियोजना को भी मंजूरी दी गई है। इस प्रोजेक्ट के तहत 27 हेक्टेयर भूमि पर पौधारोपण किया जाएगा। वन विभाग की औपचारिकताएं पूरी होते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी विधानसभा में चर्चा हुई। फरीदाबाद के सेक्टर-56 में 50 बेड के अस्पताल की फिलहाल कोई योजना नहीं है। वहीं असंध क्षेत्र में प्रस्तावित 6 पीएचसी में से 3 के लिए अभी भूमि उपलब्ध नहीं हो सकी है, जबकि एक स्थान पर टेंडर प्रक्रिया जारी है। फरीदाबाद नगर निगम कार्यालय के निर्माण के लिए पहले ईपीसी मॉडल पर टेंडर जारी किए गए थे, लेकिन उच्च दरों के कारण सरकार ने अब आइटम रेट या प्रतिशत दर के आधार पर नया टेंडर जारी करने का निर्णय लिया है।