Haryana

हरियाणा: परीक्षा में सिखों को ‘कृपाण’, विवाहित महिलाओं को ‘मंगलसूत्र’ ले जाने की अनुमति

हरियाणा सरकार ने परीक्षा देने वाले सिख छात्रों और उम्मीदवारों को अपने धार्मिक आस्था के प्रतीक कृपाण और विवाहित महिलाओं को मंगलसूत्र पहनने की अनुमति देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। यह निर्णय स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और राज्य में होने वाली विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में आने वाली समस्याओं को दूर करने के लिए जारी किया गया है।

सरकारी नोटिफिकेशन के अनुसार, सिख उम्मीदवार कृपाण ले जा सकते हैं, जिसकी कुल लंबाई 9 इंच और ब्लेड की लंबाई 6 इंच से अधिक नहीं होनी चाहिए। ऐसे उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर परीक्षा के निर्धारित समय से एक घंटे पहले पहुंचने की सलाह दी गई है, ताकि सुरक्षा जांच और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएँ सहज रूप से पूरी हो सकें। वहीं, विवाहित महिला उम्मीदवार अपने मंगलसूत्र पहनकर परीक्षा दे सकती हैं। उन्हें परीक्षा केंद्र पर 30 मिनट पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों पर इंविजिलेटर और सुरक्षा कर्मियों को धार्मिक अधिकारों का सम्मान करते हुए परीक्षा संचालन सुनिश्चित करना होगा। अधिकारियों का निर्देश है कि किसी भी उम्मीदवार को उनके धार्मिक प्रतीक के कारण असुविधा न हो।