बिलासपुर। एक समय था जब यह माना जाता था कि सेब केवल ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में ही उग सकते हैं, और अगर आपको ताजे सेब का स्वाद लेना है, तो आपको केवल इन क्षेत्रों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब यह धारणा बदल चुकी है। आज हम आपको एक ऐसे व्यक्ति से मिलवाते हैं जिन्होंने इस पुराने विश्वास को चैलेंज किया और उसे नए आयाम दिए।
यह हैं हरिमन शर्मा, जो बिलासपुर के घुमारवीं उपमंडल के गलासीं गांव के निवासी हैं। गणतंत्र दिवस के मौके पर उन्हें पद्मश्री जैसे प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया है। हरिमन शर्मा ने अपनी मेहनत और लगन से साबित कर दिया कि गर्म इलाकों में भी सेब उगाना संभव है। इन्होंने एक नई किस्म के सेब ‘एचआरएमएन-99’ का विकास किया, जो कम ठंडे इलाकों में भी अच्छे से उगता है। यह किस्म समुद्र तल से सिर्फ 1800 फीट की ऊंचाई पर भी उग सकती है।
हरिमन शर्मा ने कहा कि “मेरे लिए यह एक सपना था कि हमारे जैसे गर्म क्षेत्र में भी सेब उग सके। मैंने इसे संभव बनाने के लिए बहुत मेहनत की और आखिरकार ‘एचआरएमएन-99’ किस्म को विकसित किया। अब हमारे इलाके में सेब पैदा होते हैं और हमें खुशी है कि यह हमारे जैसे किसानों के लिए नई संभावनाओं का द्वार खोल रहा है।”
