Hardik Pandya सिर्फ अपने क्रिकेट और खेल प्रतिभा के लिए ही नहीं, बल्कि अपने शौक और लाइफस्टाइल के लिए भी जाने जाते हैं। महंगी घड़ियों और लग्ज़री कारों के साथ-साथ वह अक्सर अपनी दिलदार और उदार स्वभाव के लिए भी चर्चा में रहते हैं। इस बार हार्दिक ने जो काम किया, वह सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ बटोर रहा है। मुंबई इंडियंस के कप्तान ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम के ग्राउंड स्टाफ को 10-10 लाख रुपये के चेक बांटे।
जानकारी के अनुसार, IPL 2026 सीजन की तैयारी से पहले हार्दिक स्टेडियम में प्रैक्टिस कर रहे थे। देर रात तक लगातार अभ्यास करने के कारण ग्राउंड स्टाफ को अतिरिक्त समय तक काम करना पड़ता था, लेकिन उन्होंने हार्दिक की तैयारियों में कोई कमी नहीं छोड़ी। तब हार्दिक ने वादा किया था कि जब लौटेंगे, तो उनकी मदद करने वाले स्टाफ को इनाम देंगे।
हार्दिक ने इस वादे को निभाया और स्टाफ के करीब 10-11 सदस्यों को 10-10 लाख रुपये के चेक वितरित किए। इनाम पाने वाले सभी स्टाफ ने हार्दिक के साथ फोटो भी खिंचवाई, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। फैंस और क्रिकेट प्रेमियों ने मुंबई इंडियंस के कप्तान की इस उदारता की जमकर सराहना की। यह घटना न केवल उनके दिलदार स्वभाव को दर्शाती है, बल्कि यह दिखाती है कि हार्दिक पंड्या अपनी मददगार और वफादार प्रकृति के लिए भी कितने जाने जाते हैं।









