केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री Hardeep Puri की बेटी Himayni Puri ने दिल्ली उच्च न्यायालय में 10 करोड़ रुपये के मानहानि का मुकदमा दायर किया है। हिमायनी का आरोप है कि कई ऑनलाइन पोस्ट, वीडियो और समाचार रिपोर्ट में झूठे दावे किए गए हैं कि उनका बाल यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन और उसकी आपराधिक गतिविधियों से कोई वित्तीय या नेटवर्क संबंध है।
हिमायनी ने अदालत से ऑनलाइन सामग्री को हटाने और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म- X, Google, Meta और LinkedIn सहित अन्य संस्थाओं को निर्देश देने की मांग की है कि भविष्य में उनके खिलाफ ऐसे मानहानिकारक दावे सार्वजनिक होने पर तुरंत कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने स्थायी निषेधाज्ञा और 10 करोड़ रुपये के हर्जाने की भी मांग की है।
मुकदमे में कहा गया है कि 22 फरवरी 2026 से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हिमायनी पुरी पर आरोप लगाए गए कि उनके निजी या पेशेवर संबंध एपस्टीन से थे। इसके अलावा, उनके कंपनी रियल पार्टनर्स LLC पर भी एपस्टीन या उनके सहयोगियों से अवैध फंड लेने और वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया गया। आरोप में यह भी दावा था कि रॉबर्ट मिलार्ड ने हिमायनी के साथ मिलकर लेहमन ब्रदर्स के पतन की साजिश रची। मुकदमे की सुनवाई मंगलवार को होने की संभावना है। हिमायनी ने जोर देकर कहा है कि ये आरोप पूरी तरह झूठे और मानहानिकारक हैं और उनके व्यक्तिगत और व्यावसायिक सम्मान को नुकसान पहुंचा रहे हैं।









