World

हादी की हत्या के संदिग्ध भारत भागे, बांग्लादेश पुलिस का बड़ा दावा

बांग्लादेश में छात्र नेता उस्मान शरीफ हादी की हत्या के बाद पैदा हुए तनाव के बीच पुलिस ने खुलासा किया कि हत्या के दो मुख्य संदिग्ध — फैसल करीम मसूद और आलमगीर शेख — मेघालय सीमा के रास्ते भारत में भाग गए। ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त एसएन नजरुल इस्लाम ने बताया कि संदिग्धों ने स्थानीय सहयोगियों की मदद से हलुआघाट बॉर्डर पार किया। सीमा पार होने के बाद उन्हें पुर्ति नामक व्यक्ति ने रिसीव किया और टैक्सी चालक सामी ने तुरा शहर तक पहुँचाया। पुलिस को अनौपचारिक रिपोर्ट मिली हैं कि पुर्ति और सामी अब भारतीय एजेंसियों की हिरासत में हैं। बांग्लादेश सरकार ने दोनों संदिग्धों को वापस लाने के लिए भारत से औपचारिक और अनौपचारिक बातचीत शुरू की है।

उस्मान हादी पिछले साल जुलाई विद्रोह के नेताओं में शामिल थे और इंकलाब मंच के माध्यम से फरवरी 2026 संसदीय चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। 12 दिसंबर को ढाका में नकाबपोश हमलावरों ने उन्हें गोली मारी। इलाज के लिए सिंगापुर ले जाने के छह दिन बाद हादी की मौत हो गई। हत्या के बाद राजधानी और अन्य शहरों में हिंसा भड़की, प्रदर्शनकारियों ने आगजनी और नारेबाजी की, और कई मीडिया व सांस्कृतिक संस्थानों के कार्यालयों को नुकसान पहुंचाया गया।