Tamil Nadu

चेन्नई में H5N1 वायरस की पुष्टि: सैकड़ों कौवों की मौत से हड़कंप

तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में बर्ड फ्लू को लेकर चिंता बढ़ गई है। शुक्रवार को शहर के कई इलाकों में सैकड़ों कौवे मृत पाए गए, जिसके बाद किए गए लैब परीक्षणों में खतरनाक H5N1 (एवियन इन्फ्लूएंजा) वायरस की पुष्टि हुई है। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, पक्षियों की अचानक बड़ी संख्या में मौत बर्ड फ्लू संक्रमण फैलने का संकेत है। संक्रमण को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त बायोसिक्योरिटी प्रोटोकॉल लागू किए हैं। मृत पक्षियों और पोल्ट्री को जलाने या गहरे गड्ढों में दफनाने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी मृत पक्षी को छूने या संभालने से बचें और ऐसे मामलों की तुरंत सूचना स्थानीय प्रशासन को दें। केंद्रीय पशुपालन मंत्रालय ने भी राज्य सरकार को फील्ड निगरानी तेज करने और त्वरित कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

क्या है H5N1 वायरस?
H5N1 इन्फ्लूएंजा ए वायरस का एक प्रकार है, जिसे बर्ड फ्लू कहा जाता है। यह मुख्य रूप से पक्षियों, खासकर पोल्ट्री में तेजी से फैलता है और भारी मौत का कारण बन सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, इंसानों में इसका संक्रमण दुर्लभ है, लेकिन संक्रमित पक्षियों या उनकी लार, मल और दूषित सतहों के सीधे संपर्क से खतरा बढ़ सकता है। संक्रमित व्यक्ति में निमोनिया और सांस लेने में दिक्कत जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।