Haryana Sports

हरियाणा: स्पेशल ओलंपिक्स भारत का भव्य आगाज, सीएम सैनी ने किया उद्घाटन

महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के खेल परिसर में स्पेशल ओलंपिक्स भारत का ऐतिहासिक शुभारंभ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया। देश के 27 राज्यों से आए करीब 500 दिव्यांग खिलाड़ियों की मौजूदगी में यह आयोजन सामाजिक समावेशन, आत्मसम्मान और सशक्तिकरण का संदेश लेकर शुरू हुआ।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल पदक जीतने का मंच नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, हौसले और मानव क्षमता के उत्सव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी शारीरिक या बौद्धिक सीमा की मोहताज नहीं होती और स्पेशल ओलंपिक्स समाज को अधिक संवेदनशील और समावेशी बनाने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने स्पेशल ओलंपिक्स भारत की अध्यक्ष डॉ. मल्लिका नड्डा के प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि हाल ही में इटली में आयोजित प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों ने 33 पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। साथ ही मुख्यमंत्री ने आयोजन के लिए 31 लाख रुपये और खेल मंत्री की ओर से 21 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पिछले नौ वर्षों में राज्य सरकार खेल ढांचे और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन पर 979 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है।

डॉ. मल्लिका नड्डा ने हरियाणा को खेलों की भूमि बताते हुए दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं वाले विशेष स्टेडियम की मांग रखी। वहीं खेल मंत्री गौरव गौतम ने गुरुग्राम के दौलताबाद स्टेडियम को मॉडल सेंटर के रूप में विकसित करने की जानकारी दी। यह प्रतियोगिता 7 फरवरी तक चलेगी, जिसमें देशभर के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।