गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगलधूसड़ गांव में गौ तस्करों ने सोमवार की रात एक युवक की मुंह में गोली मारकर हत्या कर दी. 19 वर्षीय दीपक गुप्ता NEET का छात्र था और मेडिकल की तैयारी कर रहा था. बता दें कि रात करीब 12.30 बजे पशु तस्कर गांव में पहुंचे और पशुओं को खूंटे से खोलने लगे. ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई और शोर मचा दिया. इसी बीच दीपक भी शोर सुनकर ग्रामीणों के साथ तस्करों के पीछे दौड़ा. तस्करों ने उसे पकड़ लिया और जबरन गाड़ी में बैठा लिया. करीब एक घंटे तक उसे इधर-उधर घुमाने के बाद आरोपियों ने उसके मुंह में गोली मार दी और शव को सरैया गांव के पास फेंक दिया.
घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया. गुस्साई भीड़ ने तस्करों की गाड़ी को पकड़कर आग के हवाले कर दिया, जबकि दूसरे वाहन में सवार तस्कर भाग निकले. एक तस्कर को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया. हत्या के विरोध में मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने गोरखपुर-पिपराइच रोड जाम कर दिया. फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने एहतियातन सुरक्षा बढ़ा दी है. भीड़ को शांत कराने की कोशिश में एसपी नॉर्थ जितेंद्र श्रीवास्तव और थाना प्रभारी पुरुषोत्तम घायल हो गए. वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है.









