गूगल भारत में अब तक का सबसे बड़ा डिजिटल निवेश करने जा रहा है. कंपनी आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में 10 अरब डॉलर (लगभग ₹88,730 करोड़) की लागत से 1 गीगावॉट क्षमता वाला डेटा सेंटर क्लस्टर स्थापित करेगी. यह न केवल गूगल का भारत में पहला डेटा सेंटर होगा, बल्कि एशिया में सबसे बड़ा डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट भी माना जा रहा है.
यह क्लस्टर विशाखापट्टनम जिले के अडविवारम और तारलुवाडा गांवों तथा अनाकापल्ली जिले के रामबिल्ली गांव में तीन अलग-अलग कैंपस में विकसित किया जाएगा. इसके तहत तीन उच्च-क्षमता वाली सबमरीन केबल्स बिछाई जाएंगी, जिनके लिए विशेष केबल लैंडिंग स्टेशन और मेट्रो फाइबर नेटवर्क तैयार किया जाएगा. राज्य सरकार का लक्ष्य विशाखापट्टनम को मुंबई से भी बड़ा सबमरीन केबल नेटवर्क हब बनाना है.
गूगल और आंध्र प्रदेश सरकार के बीच इस परियोजना को लेकर दिसंबर 2024 में एक एमओयू पर हस्ताक्षर हो चुके हैं. अंतिम स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है और 14 अक्टूबर 2025 को गूगल की टीम व राज्य के आईटी मंत्री नारा लोकेश के बीच आधिकारिक समझौते पर हस्ताक्षर की संभावना है. यह डेटा सेंटर क्लस्टर जुलाई 2028 तक चालू हो सकता है. इसके शुरू होने से भारत में एआई, क्लाउड कंप्यूटिंग और डेटा प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों को मजबूती मिलेगी, और देश को एक वैश्विक डिजिटल शक्ति के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी.









