सर्दियों के मौसम में उत्तर भारत में वायु प्रदूषण का स्तर अक्सर बढ़ जाता है। पराली जलाने, ठंडी हवाओं और तापमान उलटाव (टेम्परेचर इनवर्जन) जैसे कारणों से प्रदूषक कण वातावरण में फंस जाते हैं, जिससे हवा जहरीली हो जाती है। ऐसे में बाहर निकलने से पहले हवा की गुणवत्ता जानना बेहद जरूरी हो जाता है। अब इसके लिए आप अपने स्मार्टफोन या कंप्यूटर पर Google Maps की मदद से रियल टाइम एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) आसानी से चेक कर सकते हैं। Google Maps का एयर क्वालिटी फीचर कलर-कोडेड सिस्टम पर काम करता है। इसमें हरा रंग सुरक्षित और अच्छी हवा को दर्शाता है, पीला सामान्य गुणवत्ता, नारंगी संवेदनशील लोगों के लिए खतरा, लाल खराब हवा और गहरा लाल या मैरून बेहद खतरनाक प्रदूषण स्तर को दिखाता है। यह फीचर उपयोगकर्ताओं को उनके आसपास और किसी भी लोकेशन की रियल टाइम वायु गुणवत्ता की जानकारी देता है।
मोबाइल और कंप्यूटर पर AQI कैसे देखें
स्मार्टफोन यूजर्स को पहले Google Maps ऐप को अपडेट करना होगा, फिर लेयर्स ऑप्शन में जाकर Air Quality विकल्प चुनना होगा। इसके बाद मैप पर अलग-अलग रंगों के माध्यम से हवा की गुणवत्ता दिखाई देगी। किसी भी स्थान पर टैप करके आप विस्तृत AQI जानकारी भी देख सकते हैं। कंप्यूटर या लैपटॉप पर Google Maps वेबसाइट खोलकर भी लेयर्स सेक्शन में जाकर AQI देखा जा सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि सर्दियों में प्रदूषण का स्तर तेजी से बदलता है, इसलिए मॉर्निंग वॉक, ट्रैवल या आउटडोर गतिविधियों से पहले AQI जरूर चेक करना चाहिए। अगर प्रदूषण स्तर ज्यादा हो तो मास्क का उपयोग और बच्चों व बुजुर्गों की अतिरिक्त देखभाल जरूरी है। Google Maps का यह फीचर लोगों को न केवल यात्रा में मदद करता है, बल्कि स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए भी उपयोगी साबित हो रहा है।









