National

रेल यात्रियों के लिए  खुशखबरी : अब वेटिंग और RAC टिकट का स्टेटस 10 घंटे पहले देख सकेंगे

भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। अब यात्रियों को अपने वेटिंग या RAC टिकट का स्टेटस देखने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। रेलवे बोर्ड ने पहली बार रिजर्वेशन चार्ट तैयार करने के समय में बदलाव किया है, जिससे यात्री अपनी यात्रा की योजना पहले से आसानी से बना सकेंगे।

नई व्यवस्था के तहत सुबह 5 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलने वाली ट्रेनों का पहला रिजर्वेशन चार्ट अब पिछली रात 8 बजे तक तैयार कर दिया जाएगा। वहीं, दोपहर 2.01 बजे से रात 11.59 बजे और आधी रात से सुबह 5 बजे तक चलने वाली ट्रेनों का चार्ट उनकी प्रस्थान समय से 10 घंटे पहले बन जाएगा। इससे पहले यह चार्ट केवल चार घंटे पहले तैयार किया जाता था, जिससे यात्रियों को आखिरी समय में भ्रम और परेशानी का सामना करना पड़ता था।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस बदलाव का उद्देश्य यात्रियों को उनकी यात्रा और टिकट स्थिति की पूर्व जानकारी देना है, ताकि विशेष रूप से दूर-दराज से आने वाले यात्री समय पर अपनी यात्रा की योजना बना सकें। यह कदम यात्रियों की सुविधा और आराम को ध्यान में रखकर उठाया गया है।

सभी जोनल रेलवे डिवीजनों को इस नई व्यवस्था के पालन के लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं। रेलवे का कहना है कि इससे टिकट धारकों को वेटिंग या RAC स्टेटस जानने में आसानी होगी और यात्रा से पहले किसी भी तरह की अनिश्चितता कम होगी। रेल मंत्रालय का यह नया कदम निश्चित रूप से यात्रियों के लिए राहत भरा साबित होगा और रेलवे यात्रा को और अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाएगा।