National

गोवा नाइटक्लब अग्निकांड: ED ने लूथरा ब्रदर्स के ठिकानों पर की छापेमारी

गोवा नाइटक्लब में दिसंबर 2025 में हुई घातक आग के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार, 23 जनवरी को बड़ी कार्रवाई की। एजेंसी ने लूथरा ब्रदर्स के गोवा, दिल्ली और हरियाणा स्थित परिसरों पर छापेमारी की, जिसमें मनी लॉन्ड्रिंग के संदिग्ध मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली के किंग्सवे कैंप में सौरभ और गौरव लूथरा के कार्यालय और आवासों के अलावा उनके साझेदार अजय गुप्ता के ठिकानों पर भी छापे मारे गए। गुरुग्राम में स्थित विला और गोवा के कुछ निजी घरों पर भी ईडी की टीम पहुंची।

गोवा में सरपंच रोशन रेडकर और पंचायत सचिव रघुवीर बागकर के घरों पर भी छापेमारी की गई। इन पर क्लब के लिए अवैध ट्रेड लाइसेंस और एनओसी जारी करने में मदद करने का संदेह है। वहीं, ब्रिटिश नागरिक और क्लब के एक अन्य मालिक सुरिंदर कुमार खोसला के ठिकानों की जांच भी चल रही है।

6 दिसंबर, 2025 को अरपोरा स्थित नाइटक्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत हुई थी और लगभग 50 लोग घायल हुए थे। इस हादसे के कुछ घंटे बाद लूथरा ब्रदर्स थाईलैंड भाग गए थे, लेकिन 17 दिसंबर को उन्हें भारत वापस लाया गया और वर्तमान में गोवा पुलिस की हिरासत में रखा गया है। ईडी यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत कर रही है, ताकि अग्निकांड से जुड़े वित्तीय लेन-देन की गहन जांच की जा सके।