National

हर जिले में खुलेंगे गर्ल्स हॉस्टल, STEM शिक्षा में छात्राओं की भागीदारी बढ़ाने की तैयारी

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय देशभर की छात्राओं के लिए एक महत्वपूर्ण योजना तैयार कर रहा है। इसके तहत हर जिले में विशेष तौर पर गर्ल्स हॉस्टल खोले जाएंगे, ताकि छात्राओं को हायर एजुकेशन के अवसर आसानी से मिल सकें। मंत्रालय का मानना है कि आवासीय सुविधाओं की कमी के कारण कई छात्राएं, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों की, उच्च शिक्षा और STEM (साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथ्स) कोर्स में प्रवेश नहीं ले पाती हैं।

इस योजना पर राज्यों के साथ चर्चा के लिए 27 और 28 दिसंबर को राज्य सचिवों की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में सभी राज्यों के सुझाव और सहमति लेने के बाद योजना को आगे बढ़ाया जाएगा। अनुमान है कि इस योजना के तहत देशभर में 700 से अधिक गर्ल्स हॉस्टल खोले जा सकते हैं। इसके लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय जल्द ही वित्त मंत्रालय को प्रस्ताव भेजने वाला है, और आगामी बजट में इस योजना के लिए फंड आवंटित किए जाने की संभावना है।

गर्ल्स हॉस्टल सिर्फ आवास नहीं, बल्कि STEM शिक्षा में छात्राओं की भागीदारी बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण कदम भी होंगे। मंत्रालय का मानना है कि छात्राओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराने से वे विज्ञान, इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में प्रवेश ले पाएंगी। इसके साथ ही STEM कोर्स की संख्या भी बढ़ाई जा रही है ताकि छात्राओं को समान अवसर मिल सकें।

नई शिक्षा नीति 2020 के लक्ष्य के अनुसार 2035 तक हायर एजुकेशन में छात्राओं का नामांकन 50 फीसदी तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में यह संख्या लगभग 29 फीसदी है, और गर्ल्स हॉस्टल की सुविधा इस बढ़ोतरी में अहम भूमिका निभा सकती है।