World

नेपाल में फिर से Gen-Z युवाओं का विरोध: कई इलाकों में कर्फ्यू लागू

नेपाल के बारा ज़िले के सिमरा क्षेत्र में एक बार फिर तनावपूर्ण माहौल बन गया है। बुधवार को Gen-Z युवा समूह और CPN-UML कार्यकर्ताओं के बीच हुई भिड़ंत के बाद हालात पहले से अस्थिर थे, लेकिन गुरुवार को स्थिति और बिगड़ गई। प्रदर्शनकारी युवाओं की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया, जिसके बाद प्रशासन ने दोपहर 12:45 बजे से रात 8 बजे तक कर्फ्यू लागू करने का निर्णय लिया।

गुरुवार सुबह लगभग 11 बजे बड़ी संख्या में युवा सिमरा चौक पर जमा होने लगे। पुलिस ने उन्हें हटाने की कोशिश की, जिससे तनाव और बढ़ गया। प्रशासन को आशंका थी कि मामला और गंभीर रूप ले सकता है, इसलिए तुरंत कर्फ्यू का आदेश जारी किया गया। Gen-Z समूह का आरोप है कि बुधवार की झड़प में जिन UML समर्थकों के खिलाफ उन्होंने शिकायत दी थी, उनमें से सभी को गिरफ्तार नहीं किया गया, जिससे युवाओं में नाराज़गी बढ़ गई।

दबाव बढ़ने के बाद पुलिस ने UML से जुड़े दो लोगों — जीतपुरसिमरा उपमहानगरपालिका के वार्ड-2 अध्यक्ष धन बहादुर श्रेष्ठ और वार्ड-6 अध्यक्ष कैमुद्दीन अंसारी — को हिरासत में ले लिया। बुधवार को हुई तनातनी में Gen-Z के छह समर्थक घायल हुए थे, जिसके बाद समूह ने UML के छह कार्यकर्ताओं के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी।

Gen-Z के ज़िला संयोजक सम्राट उपाध्याय ने बताया कि आरोपियों की अधूरी गिरफ्तारी की वजह से उन्हें दोबारा सड़क पर उतरना पड़ा। बुधवार को माहौल इतना गर्म हो गया था कि पुलिस को आँसू गैस के गोले छोड़ने पड़े, जिससे सिमरा एयरपोर्ट की उड़ानें अस्थायी रूप से रोकनी पड़ीं।