World

मैक्सिको में बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ जेन-ज़ी का उग्र प्रदर्शन, मेयर की हत्या से भड़का गुस्सा

नेपाल के बाद अब मैक्सिको में भी जेन-ज़ी के नेतृत्व में बड़े विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। देशभर में हजारों युवाओं और नागरिकों ने बढ़ती अपराध दर, भ्रष्टाचार और सरकार की नीतियों के खिलाफ सड़कों पर उतरकर गुस्सा जताया। शनिवार को हुए इन प्रदर्शनों में न केवल युवा, बल्कि विपक्षी दलों के वरिष्ठ कार्यकर्ता भी शामिल हुए। हाल ही में मिचोआकान के मेयर कार्लोस मान्जो की हत्या ने जनता के आक्रोश को और बढ़ा दिया है। मान्जो के समर्थकों ने भी भारी संख्या में मार्च में भाग लिया।

मैक्सिको सिटी में प्रदर्शन उग्र रूप लेता दिखा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नेशनल पैलेस के बाहर प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ दिए, जिसके बाद पुलिस को आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। इसके चलते भीड़ और ज्यादा उग्र हो गई। पब्लिक सेफ्टी सेक्रेटरी पाब्लो वाज़क्वेज़ ने बताया कि झड़पों में 100 पुलिसकर्मी घायल हुए, जिनमें से 40 को अस्पताल में भर्ती किया गया। वहीं 20 नागरिक भी घायल हुए। पुलिस ने 20 लोगों को गिरफ्तार किया और अन्य 20 के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की गई।

प्रदर्शन का मुख्य आरोप राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम के खिलाफ है। जेन-ज़ी वर्ग का आरोप है कि शीनबाम की सरकार ड्रग कार्टेल के साथ साठगांठ कर रही है। अक्टूबर 2024 में सत्ता में आईं शीनबाम अपनी लोकप्रियता बनाए रखने में सफल रही हैं, लेकिन सुरक्षा नीति पर सवाल उठ रहे हैं, खासकर हाई-प्रोफाइल हत्याओं के बाद। मेयर कार्लोस मान्जो की हत्या ने इस आलोचना को तेज कर दिया है, जिन्होंने अपने शहर में ड्रग गिरोहों के खिलाफ अभियान चलाया था। इन घटनाओं के बीच मैक्सिको में राजनीतिक तनाव लगातार बढ़ रहा है।