National

जेन-जी की पसंद: ऑफिस में सरल और स्पष्ट भाषा, भारी कॉर्पोरेट शब्द बने चुनौती

ऑफिस में इस्तेमाल होने वाली जटिल अंग्रेजी शब्दावली आज की युवा पीढ़ी, खासकर जेन-जी (1997–2012 जन्म) के लिए परेशानी बनती जा रही है। अमेरिका के भाषा शिक्षण प्लेटफॉर्म ‘प्रेपली’ की रिपोर्ट में बताया गया कि कई युवा कर्मचारियों को “सिनर्जी चाहिए” या “बैंडविड्थ है क्या” जैसे शब्द समझने में दिक्कत होती है। रिसर्च के अनुसार ‘Synergy’ हर महीने करीब 40,500 बार खोजा जाता है, जबकि ‘Paradigm’ और ‘Best Practice’ भी सूची में शामिल हैं।

जेन-जी साफ, सरल और सीधी भाषा को प्राथमिकता देती है। उनके अनुसार पारंपरिक कॉर्पोरेट मुहावरे दिखावटी और जटिल हैं, जिससे कामकाजी संवाद प्रभावित होता है। डिजिटल युग में यह भाषा रोजमर्रा की बातचीत से मेल नहीं खाती। भाषा विशेषज्ञ कहते हैं कि यदि कर्मचारी को काम समझने के लिए अलग से शब्दों का अर्थ खोजना पड़े, तो यह संचार की कमजोरी दर्शाता है।

जेन-जी आसान शब्दों का उपयोग चाहती है, जैसे Synergy की जगह Teamwork, Bandwidth की जगह Availability और Circle Back की जगह “दोबारा बात करना।” उनका मानना है कि सरल भाषा से काम तेज होगा और संवाद अधिक प्रभावी बनेगा। जैसे-जैसे इस पीढ़ी की भागीदारी बढ़ रही है, ऑफिस में भी संवाद की शैली बदल रही है।