नोएडा में ऑनलाइन ठगी और धमकी के मामलों में यूपी एसटीएफ ने बड़ा छापा मारकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि ये गिरोह ऑनलाइन बेटिंग ऐप के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बना रहा था और नोएडा के कई स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल भेज रहा था।
एसटीएफ की टीम ने छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और फर्जी दस्तावेज बरामद किए। गिरफ्तार आरोपियों में अनंत कुमार (आगरा), अमीष जंग कारकी (नेपाल), दिव्यांशु (बिहार), लेखनाथ शर्मा (नेपाल), केदारनाथ (नेपाल) और साहिल कुमार (बिहार) शामिल हैं। उनके कब्जे से चार लैपटॉप, 22 मोबाइल फोन, दो नेपाल पासपोर्ट और दो फर्जी आधार कार्ड सहित कई महत्वपूर्ण सबूत मिले।
जांच में यह भी सामने आया कि यह गिरोह 2023 से सक्रिय था और इसमें शामिल कुछ आरोपियों ने ऑस्ट्रेलिया और नेपाल से बीबीए/एमबीए की पढ़ाई की है। आरोपियों का टेक सपोर्ट और कॉल सेंटर का अनुभव भी है। 23 जनवरी 2026 को गौतमबुद्ध नगर के स्कूलों को भेजे गए धमकी भरे ई-मेल के मामले में भी ये गिरोह संलिप्त पाया गया। यूपी एसटीएफ ने लंबे समय तक इस गिरोह पर नजर रखी थी और अंततः छापेमारी कर उन्हें पकड़ने में कामयाबी हासिल की।









