National

Swiggy Instamart पर FSSAI का शिकंजा, 9 नोटिस जारी; एक्सपायरी और दूषित खाद्य उत्पादों पर मांगा जवाब

क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Swiggy Instamart को खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने ग्राहकों की शिकायतों के आधार पर 9 नोटिस जारी किए हैं। आरोप है कि प्लेटफॉर्म के जरिए एक्सपायरी, सड़े-गले, दूषित और खाने के लिए असुरक्षित खाद्य उत्पाद ग्राहकों तक पहुंचाए गए। FSSAI ने कंपनी से निर्धारित समय के भीतर विस्तृत जवाब और अनुपालन (Compliance) रिपोर्ट मांगी है। समय पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

FSSAI के अनुसार, कंपनी से उन सभी मामलों का स्पष्टीकरण मांगा गया है जिनमें खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की शिकायतें सामने आई हैं। नियामक ने क्वालिटी चेक प्रक्रिया, फूड सेफ्टी मॉनिटरिंग, इन्वेंट्री मैनेजमेंट, स्टॉक रोटेशन, स्टोरेज व्यवस्था, साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की हैंडलिंग और आंतरिक नियंत्रण प्रणाली से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी तलब की है। साथ ही कंपनी से यह बताने को कहा गया है कि शिकायतों के बाद क्या सुधारात्मक और निवारक कदम (CAPA) उठाए गए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या व्यवस्था की गई है।

जांच के दौरान कुछ उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल सामने आए। रिपोर्ट के मुताबिक, एक्सपायरी डेट निकलने के बाद भी कुछ प्रोटीन पाउडर, स्नैक उत्पाद और ऑर्गेनिक अंडों की सप्लाई की गई। वहीं खराब दूध, दूषित अंडे, क्षतिग्रस्त पैकेजिंग और असुरक्षित शिशु आहार की भी शिकायतें दर्ज हुईं। एक मामले में ग्राहक द्वारा लौटाए गए खराब बेबी फूड को दोबारा भेजने का आरोप भी लगाया गया है।

FSSAI ने यह भी पाया कि कुछ उत्पाद ऐसे ब्रांड नाम से बेचे जा रहे थे, जिन्हें कंपनी के मौजूदा लाइसेंस में मंजूरी नहीं थी। इसके अलावा कुछ मामलों में गलत या अमान्य FSSAI लाइसेंस नंबर के इस्तेमाल और शिकायतों के प्रभावी निपटारे में लापरवाही के आरोप भी सामने आए हैं। अब नियामक कंपनी की फूड सेफ्टी प्रणाली, विक्रेता सत्यापन और शिकायत निवारण प्रक्रिया की गहन समीक्षा कर रहा है।