National World

3 दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचे फ्रांसीसी राष्ट्रपति, पीएम मोदी के साथ होगी द्विपक्षीय बैठक

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों तीन दिन के भारत दौरे पर आज मुंबई पहुंचे। यह राष्ट्रपति बनने के बाद उनका चौथा भारत दौरा है। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत-फ्रांस के बीच रक्षा, व्यापार, तकनीक और एआई सहयोग को मजबूत करना है। मुंबई एयरपोर्ट पर उनका स्वागत महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों आज मुंबई में द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इस बैठक में रक्षा, व्यापार, स्वास्थ्य, स्किल डेवलपमेंट और सप्लाई चेन जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके बाद दोनों देशों के बीच करीब एक दर्जन समझौतों और एमओयू पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।

दोनों नेता गेटवे ऑफ इंडिया पर इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन का उद्घाटन भी करेंगे, जो 2026 तक नवाचार और सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देगा। रक्षा क्षेत्र में हाल ही में भारत ने फ्रांस से 114 राफेल लड़ाकू विमान खरीदने की मंजूरी दी है, और बेंगलुरु में छठी वार्षिक रक्षा वार्ता भी आयोजित होगी। राष्ट्रपति मैक्रों इस दौरे के दौरान दिल्ली में आयोजित एआई समिट में भी हिस्सा लेंगे, जिससे दोनों देशों के तकनीकी सहयोग को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।