National Uttar Pradesh

यूपी में HCL-Foxconn चिप प्लांट की नींव, भारत की सेमीकंडक्टर आत्मनिर्भरता को नई रफ्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में एचसीएल-फॉक्सकॉन के संयुक्त उद्यम ‘इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड’ के सेमीकंडक्टर संयंत्र का शिलान्यास किया। इसे भारत को चिप निर्माण में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जहां भी सेमीकंडक्टर यूनिट स्थापित होती है, वहां डिजाइन सेंटर, स्टार्टअप इकोसिस्टम और नवाचार की नई संभावनाएं विकसित होती हैं। उन्होंने जोर दिया कि उत्तर प्रदेश तेजी से भारत के सेमीकंडक्टर हब के रूप में उभर रहा है। उनके अनुसार, यह दशक भारत के लिए तकनीकी क्रांति का दशक है और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में देश तेज़ी से प्रगति कर रहा है।

करीब 3,700 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से स्थापित होने वाला यह ओएसएटी (Outsourced Semiconductor Assembly and Test) प्लांट संशोधित एटीएमपी (Assembly, Testing, Marking and Packaging) योजना के तहत विकसित किया जा रहा है। यह परियोजना मोबाइल, लैपटॉप, ऑटोमोबाइल और उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे प्रमुख क्षेत्रों को मजबूती देगी और आयात पर निर्भरता कम करने में मददगार होगी। प्रधानमंत्री ने बताया कि सेमीकंडक्टर मिशन के तहत अब तक 10 परियोजनाओं को मंजूरी दी जा चुकी है, जिनमें से चार इकाइयां जल्द उत्पादन शुरू करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने हाल ही में आयोजित ग्लोबल एआई इम्पैक्ट समिट का भी उल्लेख करते हुए कहा कि भारत वैश्विक तकनीकी परिदृश्य में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह संयंत्र न केवल रोजगार और निवेश को बढ़ावा देगा, बल्कि भारत को वैश्विक चिप आपूर्ति श्रृंखला में एक विश्वसनीय विकल्प के रूप में स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।