पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेश कलमाड़ी का मंगलवार सुबह पुणे में निधन हो गया। 81 वर्षीय कलमाड़ी लंबे समय से बीमार चल रहे थे और उन्हें पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके पार्थिव शरीर को दोपहर 2 बजे तक कलमाड़ी हाउस में रखा जाएगा और दोपहर 3:30 बजे नवी पेठ स्थित वैकुंठ श्मशानभूमि पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सुरेश कलमाड़ी का जन्म 1 मई 1944 को हुआ था। उन्होंने राजनीति में आने से पहले भारतीय वायु सेना में पायलट के रूप में छह साल से अधिक सेवा दी। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस में कदम रखा और पुणे से कई बार सांसद चुने गए। पीवी नरसिम्हा राव सरकार में उन्हें रेल राज्य मंत्री बनाया गया, और वह इस पद पर रहते हुए संसद में रेल बजट पेश करने वाले अकेले राज्य मंत्री बने।
कलमाड़ी ने पुणे के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एयरपोर्ट, मेट्रो परियोजना और बुनियादी ढांचे के कई काम उनके प्रयासों से आगे बढ़े। उन्होंने पुणे महोत्सव और अंतरराष्ट्रीय मैराथन जैसी पहल भी शुरू की। खेल प्रशासन में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा, और 2010 राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन में उनका नाम जुड़ा। उन्हें पुणे का ‘प्रबंधक’ भी कहा जाता था।









