Politics Punjab

पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी का कांग्रेस के प्रति वफादारी का भरोसा, BJP में जाने के प्रस्ताव को ठुकराया

पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब के नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने भाजपा नेता केवल सिंह ढिल्लों द्वारा उन्हें बीजेपी ज्वाइन करने के प्रस्ताव को खारिज करते हुए कहा कि वह कांग्रेस के सच्चे सिपाही हैं और पार्टी नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने बरनाला में अमर शहीद सेवा सिंह ठीकरीवाला की बरसी पर जनता को संबोधित करते हुए कहा, “अगर मैं कभी पार्टी बदलता हूं, तो मुझे वोट न दें।”

चन्नी ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने महल कलां विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए ठोस कदम उठाए थे। उन्होंने सभी जातियों और वर्गों के लिए बिजली बिल माफी, स्कॉलरशिप स्कीम और फोरम निर्माण जैसे कदम उठाए। उन्होंने मौजूदा सरकार की नाकामी पर भी तंज कसा और कहा कि महल कलां में एसडीएम कार्यालय और अन्य विकास कार्य रुके हुए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने अमर शहीद सेवा सिंह की यादगार न बनने पर अपनी नाराजगी व्यक्त की और वादा किया कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो उनकी शानदार यादगार बनाई जाएगी। इस मौके पर बरनाला से विधायक कुलदीप सिंह काला ढिल्लों और जिला कांग्रेस कमेटी की टीम मौजूद रही। चन्नी ने स्पष्ट किया कि पंजाब में सभी जातियों और धर्मों का सम्मान उनके लिए समान है और वह हर वर्ग को साथ लेकर चलना चाहते हैं।