National

जनरल एमएम नरवणे की नई किताब ‘The Curious and the Classified’ लॉन्च, सैन्य रहस्यों पर केंद्रित है रचना

भारतीय सेना के पूर्व प्रमुख जनरल एमएम नरवणे एक बार फिर अपनी नई नॉन-फिक्शन किताब को लेकर सुर्खियों में हैं। उनकी नई पुस्तक ‘The Curious and the Classified: Unearthing Military Myths and Mysteries’ हाल ही में लॉन्च हुई है, जो भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना से जुड़े रोचक किस्सों, रहस्यों और परंपराओं पर आधारित है। रूपा पब्लिकेशंस द्वारा प्रकाशित इस किताब में सैन्य इतिहास के अनसुने पहलुओं और सैनिकों के अनुभवों को गहराई से प्रस्तुत किया गया है। पुस्तक में न केवल सैन्य मिथकों की पड़ताल की गई है, बल्कि सैनिकों की जिज्ञासा, साहस और सेवा भावना की कहानियों को भी उजागर किया गया है।

इस किताब की प्रेरणा को लेकर भी एक दिलचस्प बात सामने आई है। जनरल नरवणे ने बताया कि उन्हें यह पुस्तक लिखने का विचार लेखक और सांसद शशि थरूर की किताब ‘A Wonderland of Words’ पढ़ने के बाद आया। उन्होंने अपनी पुस्तक की प्रस्तावना में भी इस प्रेरणा का उल्लेख किया है। गौरतलब है कि इससे पहले उनकी संस्मरण आधारित किताब ‘Four Stars of Destiny’ संसद में चर्चा और विवाद का विषय बन चुकी है, जब उसके अप्रकाशित अंशों का उल्लेख किया गया था। हालांकि इस बार नई किताब पूरी तरह नॉन-फिक्शन शैली में सैन्य विषयों पर केंद्रित है।