National

नोएडा इंजीनियर मौत केस में पहली गिरफ्तारी, बिल्डर अभय कुमार सिंह हिरासत में

नोएडा के सेक्टर-150 में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नामजद बिल्डर अभय कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने यह गिरफ्तारी युवराज के पिता की शिकायत पर दर्ज एफआईआर के आधार पर की। अभय कुमार सिंह एमजेड विसटाउन का मालिक है, जबकि इस मामले में एक अन्य बिल्डर लोटस ग्रीन को भी आरोपी बनाया गया है। इसके अलावा नोएडा अथॉरिटी के एक जूनियर इंजीनियर को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।

तीन सदस्यीय एसआईटी के गठन के बाद पुलिस-प्रशासन ने जांच तेज कर दी। शुरुआती जांच में लापरवाही सामने आने पर यह गिरफ्तारी की गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ और भी लोगों पर कार्रवाई संभव है। इस बीच रेस्क्यू ऑपरेशन में एनडीआरएफ और गोताखोरों की मदद से युवराज की कार को भी तलाश लिया गया है, जो दो बेसमेंट के बीच फंसी मिली। कार को बाहर निकालने की तैयारी चल रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गठित एसआईटी पांच दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। टीम ने मौके का निरीक्षण किया और नोएडा प्राधिकरण में अधिकारियों से लंबी पूछताछ भी की है। मामले में जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया जारी है।