Entertainment

मशहूर सिंगर रिहाना के घर के बाहर फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस

विश्व प्रसिद्ध पॉप स्टार Rihanna एक बार फिर खबरों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका कोई नया गाना या प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि उनके घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना है। पुलिस के अनुसार, रविवार 8 मार्च को Beverly Hills स्थित उनके घर के पास अचानक गोलियां चलने की सूचना मिली, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

Los Angeles Police Department ने बताया कि घटना के दौरान करीब पांच से सात राउंड फायर किए गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गोलियां घर के अंदर नहीं गईं, बल्कि मुख्य गेट के आसपास लगीं। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, हालांकि फायरिंग के समय घर के भीतर लोग मौजूद थे।

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने इलाके में जांच शुरू की और संदिग्ध वाहन की तलाश की। जांच के दौरान अधिकारियों ने एक सफेद रंग की Tesla कार को ट्रैक किया, जो पास के क्षेत्र में मिली। इसी कार से जुड़ी एक 30 वर्षीय महिला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस ने महिला की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।

पुलिस का कहना है कि फायरिंग के पीछे की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की भी जांच शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के पीछे क्या कारण था।

बताया जाता है कि 38 वर्षीय Rihanna अपने पार्टनर रैपर A$AP Rocky और अपने तीन बच्चों के साथ बेवर्ली हिल्स स्थित घर में रहती हैं। फिलहाल इस घटना को लेकर रिहाना या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। गौरतलब है कि रिहाना, जिनका असली नाम रॉबिन रिहाना फेंटी है, दुनिया की सबसे लोकप्रिय और प्रभावशाली पॉप सिंगर्स में से एक मानी जाती हैं। उनके प्रशंसक दुनियाभर में फैले हुए हैं।