बरेली के पॉश सिविल लाइंस इलाके में स्थित बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के पैतृक आवास के बाहर शुक्रवार रात को 8-10 राउंड गोलियां चलने से इलाके में हड़कंप मच गया. यह घटना विला नंबर 40 के बाहर हुई, जहां उस समय अभिनेत्री के पिता व सेवानिवृत्त डीएसपी जगदीश सिंह पाटनी, मां, और बहन मेजर खुशबू पाटनी मौजूद थे. घटना के बाद पुलिस ने फौरन मोर्चा संभाला और सीनियर अधिकारियों के नेतृत्व में 5 टीमें जांच में जुट गई हैं। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से कई खोखे बरामद किए हैं. मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है.
परिवार ने बताया, “नींद में थे, फायरिंग से जग गए, किसी तरह बच पाए”
जगदीश सिंह पाटनी ने बताया कि रात करीब 12 बजे लगातार गोलियों की आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई. “हम सब दहशत में थे. मैंने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन गोलियों की आवाज से जान का खतरा लग रहा था. जैसे-तैसे हम सभी ने आड़ लेकर खुद को सुरक्षित किया.” उन्होंने कहा, “पुलिस ने तुरंत हमारी सुरक्षा की. गार्ड्स घर के बाहर तैनात हैं और पुलिस लगातार निगरानी कर रही है. योगी जी का ये प्रदेश है, और मुझे भरोसा है कि ऐसी गुंडागर्दी पर सख्त कार्रवाई होगी.”
गोल्डी बरार ने ली जिम्मेदारी, धमकी पोस्ट वायरल
घटना के कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया पर एक धमकी भरी पोस्ट वायरल हुई, जिसमें लिखा था कि दिशा पाटनी और उनकी बहन खुशबू पाटनी ने “संतों का अपमान” किया है और यह फायरिंग “सिर्फ ट्रेलर” थी. पोस्ट में लिखा गया, “अगली बार जान से मार देंगे।” इस पोस्ट में कई गैंगस्टरों को टैग भी किया गया था. कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बरार ने इस हमले की कथित जिम्मेदारी ली है. पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि वह स्वयं पाटनी परिवार से मिले हैं और उन्हें पूर्ण सुरक्षा का आश्वासन दिया गया है.









