Entertainment Maharashtra

फिल्ममेकर एमएम बेग का निधन, मुंबई स्थित घर में मिला शव

जाने-माने फिल्ममेकर एमएम बेग का 70 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे मुंबई में अपने घर में अकेले रह रहे थे। पड़ोसियों को जब कई दिनों तक उनकी कोई गतिविधि नजर नहीं आई और घर से दुर्गंध आने लगी, तब पुलिस को सूचना दी गई। दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर वे मृत पाए गए। उनके मुताबिक, एमएम बेग पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। चार-पांच दिनों तक घर से बाहर न निकलने पर पड़ोसियों को शक हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेज दिया और उनकी बेटी को सूचना दे दी गई।

एमएम बेग 1980 और 90 के दशक में सक्रिय रहे। उन्होंने 1983 में ‘रजिया सुल्तान’, 1980 में ‘अग्रीमेंट’ और 1994 में ‘छोटी बहू’  जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। अपने करियर की शुरुआत में उन्होंने कई प्रसिद्ध फिल्मकारों के साथ सहायक निर्देशक के रूप में भी काम किया। वे 80 के दशक की लोकप्रिय बाल कलाकार बेबी गुड्डू के पिता थे। बेबी गुड्डू ने ‘आखिर क्यों’, ‘नगीना’, ‘प्यार किया है प्यार करेंगे’  जैसी फिल्मों में काम किया था और उस दौर में दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई थी। एमएम बेग के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। उनके योगदान और सिनेमा के प्रति समर्पण को लंबे समय तक याद किया जाएगा।