Uttar Pradesh

ग्रेटर नोएडा में किसान को मिला 222 करोड़ रुपये का बिजली बिल

ग्रेटर नोएडा में बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चिपियाना खुर्द तिगरी निवासी किसान विपिन यादव को 25 किलोवाट के कमर्शियल कनेक्शन का सात महीने का बिल देखकर हैरानी हुई। ऑनलाइन सिस्टम में उनके बकाया का आंकड़ा लगभग 222 करोड़ रुपये दिखाया गया जबकि उन्होंने नियमित रूप से हर महीने बिजली बिल जमा किया है।

किसान ने बताया कि जब उन्होंने अपने घर के पास बिजली विभाग के शिविर में बिल चेक कराया, तो उन्हें इस असामान्य और भारी-भरकम बकाया की जानकारी मिली। ऑनलाइन पोर्टल पर केवल मई महीने का बिल ही दिखाई दे रहा था, लेकिन सिस्टम में करोड़ों रुपये का बकाया दर्ज था।

विपिन यादव ने इटेडा स्थित सबस्टेशन जाकर अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन उन्हें कोई ठोस समाधान नहीं मिला। अधिकारियों ने केवल यह कहा कि बिल में सुधार किया जाएगा, लेकिन प्रक्रिया स्पष्ट नहीं की। निराश किसान ने भारतीय किसान यूनियन से संपर्क किया, जिन्होंने उनका समर्थन करने और जरूरत पड़ने पर आंदोलन करने का भरोसा दिया। इस मामले ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और सिस्टम की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।