फरीदाबाद के ग्रीन फील्ड कॉलोनी में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की दम घुटने से मौत हो गई. यह हादसा रात करीब 2:45 बजे हुआ, जब एक घर में लगे स्प्लिट एसी में आग लग गई. आग से उठे धुएं ने पूरे मकान को घेर लिया, जिससे दूसरी मंजिल पर सो रहे तीन लोगों की जान चली गई.
क्या हुआ उस रात?
जानकारी के मुताबिक, सचिन कपूर अपने परिवार के साथ एक दो मंजिला मकान में रहते थे. उनके साथ दूसरी मंजिल पर उनकी पत्नी रिंकू, बेटी सुजान और बेटा आर्यन रहते थे. पहली मंजिल पर राकेश मलिक अपने परिवार के साथ रहते थे. रात करीब पौने तीन बजे राकेश मलिक के एसी में अचानक आग लग गई. जैसे ही उन्हें आग का पता चला, वे तुरंत अपने परिवार को लेकर बाहर निकल गए और उनकी जान बच गई.
ऊपर की मंजिल तक नहीं पहुंची जानकारी
दुर्भाग्य से, दूसरी मंजिल पर सो रहे सचिन और उनके परिवार को आग की जानकारी समय पर नहीं मिल सकी. आग से उठने वाला धुआं ऊपर की ओर फैल गया और उनके कमरे में भर गया. जब तक उन्होंने कुछ समझा, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. सचिन और उनका परिवार जान बचाने के लिए छत की ओर भागे, लेकिन सीढ़ियों का दरवाजा बंद था. बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं मिलने पर दम घुटने से सचिन, उनकी पत्नी और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई. उनका बेटा आर्यन किसी तरह जान बचाने में कामयाब रहा, लेकिन वह घायल हो गया. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
दमकल और पुलिस मौके पर पहुंची
हादसे की खबर मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत कार्य शुरू किया. सभी को सेक्टर-21सी स्थित एशियन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया.









